Breaking News
Home / Latest / जौनपुर|सामाजिक संस्था बनाकर,उसके तहत कार्य करना एक चुनौती-राज्यपाल राम नाइक
Photo By. Amup Kumar

जौनपुर|सामाजिक संस्था बनाकर,उसके तहत कार्य करना एक चुनौती-राज्यपाल राम नाइक

मा0 राज्यपाल जेब्रा फाउण्डेशन ट्रस्ट के रजत जयंती वर्ष समारोह में हुए सम्मलित
  सामाजिक संस्था जेब्रा फाउण्डेशन ट्रस्ट के रजत जयंती वर्ष समारोह में मुख्य अतिथि माननीय राज्यपाल राम नाईक जी ने कहा कि सामाजिक संस्था बनाना और उसके तहत कार्य करना एक चुनौती साबित हो रही है फिर भी जेब्रा ट्रस्ट अपना 25 वर्ष पूरा करके रजत जयंती वर्ष समारोह मना रहा है यह प्रशंसा के योग्य है। जेब्रा ट्रस्ट के द्वारा अब तक लगभग 500 जोड़ों को एक सूत्र में बांधने के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एक बहुत बड़ी सेवा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मा. राज्यपाल द्वारा द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मा. राज्यपाल ने महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए कहा कि यदि एक महिला शिक्षित होती है तो दो परिवार को शिक्षित बनाती है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोहों में 16 लाख छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गई है जिसमें से 51 प्रतिशत उपाधि छात्राओं का प्रदान की गई है। इस वर्ष 13 लाख छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की गई है जिसमें छात्राओं का प्रतिशत 56 प्रतिशत रहा। दीक्षांत समारोह में 66 प्रतिशत छात्राओं ने पदक प्राप्त किया है इससे प्रतीत होता है कि महिलाओं की स्थिति में परिवर्तन हो रहा है और वह पहले से अधिक मजबूत हो रही हैं। उन्होंने जनपद वासियों को नव वर्ष की अग्रिम बधाई दी। मा. राज्यपाल द्वारा संस्था के लिए विशिष्ट कार्य कर रहे सदस्यों को सम्मानित किया।
  कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अरुणाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल माता प्रसाद ने कहा कि जेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट के द्वारा कई वर्ष से सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है इसके द्वारा गरीब, असहायों को दहेज दानव से बचाया जा रहा है। आज के दौर में दहेज सबसे बड़ी मुसीबत बन चुका है। उन्होंने माननीय राज्यपाल का ध्यान आकृष्ट कराया कि जिस प्रकार गंगा की सफाई का काम चल रहा है, उसी प्रकार गोमती नदी की सफाई पर भी ध्यान देना चाहिए। जौनपुर में भी गोमती नदी के किनारे का सुंदरीकरण किया जाना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि माननीय राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने जेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट की रजत जयंती वर्ष समारोह के अवसर पर कहा कि जनपद में तो ऐसे कई ट्रस्ट चल रहे हैं, लेकिन जेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट एक ऐसा ट्रस्ट है जो समाज की सेवा में हमेशा तत्पर रहता है। इस ट्रस्ट का गुजरात भूकंप में घायलों की सेवा, कारगिल शहीदों के परिजनों की मदद एवं गरीब, असहाय व्यक्तियों के बेटियों की शादियां कराने में सराहनीय योगदान रहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल पाण्डेय, सीओ सदर विनय कुमार द्विवेदी, उपजिलाधिकारी सदर मंगलेश दुबे, संस्था के अध्यक्ष संजय कुमार सेठ एवं संरक्षक एम.एल.सोनी, राजवीर सिंह उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!