Breaking News
Home / Latest / जौनपुर। भाजपा की जीत का आधार बूथ कार्यकर्ता-अमित शाह • प्रदेश सरकार सबका साथ सबका विकास के आधार पर कार्य कर रही है-सीएम योगी

जौनपुर। भाजपा की जीत का आधार बूथ कार्यकर्ता-अमित शाह • प्रदेश सरकार सबका साथ सबका विकास के आधार पर कार्य कर रही है-सीएम योगी

जौनपुर(08फर.)। भाजपा के जीत की आधारशिला हर बूथ पर खड़ा कार्यकर्ता रखता है। इसलिए इन्हीं कार्यकर्ताओं के बल पर पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कम से कम 74 सीट जीतेगी। जौनपुर स्थित तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के उमानाथ सिंह स्टेडियम में शुक्रवार को भाजपा के काशी क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बतौर मुख्य अतिथि ने कहा।
श्री शाह ने कहा कि अन्य पार्टियां भले ही अपने नेताओं के आधार पर चुनाव जीतती होंगी, पर भारतीय जनता पार्टी की जीत का आधार हर बूथ पर खड़ा पार्टी का कार्यकर्ता है। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुश्किल चुनावों को भी प्रचंड विजय में परिवर्तित करने का काम किया है। कहा कि अन्य दलों के लिए वोट बैंक महत्वपूर्ण है, जबकि भाजपा देश की सुरक्षा को अहमियत देती है। देश को चलाने के लिए, देश की सुरक्षा के लिए एक मजबूत नेता की जरूरत है और सिर्फ श्री मोदी ही ये काम कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से ही देश का सबसे मजबूत रास्ता जाता है। मोदी सरकार उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि भाजपा अयोध्या में भव्य राम मंदिर का जल्द से जल्द निर्माण करने को प्रतिबद्ध हैं। गठबंधन को लेकर कहा कि देश में कांग्रेस 55 साल तक सत्तासीन रही और चार पीढ़ियों को प्रधानमंत्री बनाने वाली कांग्रेस ने जो विकास कार्य किए वह जनता के सामने हैं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार हो रहे भ्रष्टाचार में से एक लाख करोड़ रुपए बचाएं है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के गर्त में समाये बुआ-भतीजा गठबंधन  का सफाया होना तय है। कहा कि श्री मोदी ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना लागू कर हर साल होने वाले एक लाख करोड़ रुपये को देश के बुजुर्गों, विधवाओं, किसानों को पेंशन और गैस सब्सिडी सीधे देकर फर्जी तथा घोटाले करने वालों को बेनकाब कर दिया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दो दलों का या चार दलों का गठबंधन हो, वह यहां 74 सीटों पर जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी दलों का नारा मोदी हटाओ है जबकि मोदी जी का नारा बेरोजगारी, महंगाई, किसानों का उत्पीड़न और गरीबी हटाना है। उन्होंने कहा कि 74 सीटों पर जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं को संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता भाजपा के मालिक हैं। उन्होंने कहा वर्ष 1982 में गुजरात में मैं भी बूथ अध्यक्ष हुआ करता था। आज मैं दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना। यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है, जहां छोटे से छोटा कार्यकर्ता को पूरा सम्मान मिलता है। केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होने कहा कि  पहले जब कोई व्यक्ति गम्भीर रोग से ग्रस्त होता था, तब वह सिर्फ इसलिये अपना बेहतर इलाज नहीं करवा पाता था कि वह कर्ज में डूब जाएगा। देश में पहली बार श्री मोदी ने अटल आयुष्मान योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की व्यवस्था कर 50 करोड़ रुपये लोगों को लाभ पहुंचाने का काम किया जबकि पिछले तीन माह में इस योजना से 10 लाख लोगों लाभान्वित हुए हैं, जो अपने आप में महत्वपूर्ण है। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है। केंद्र की आयुष्मान भारत योजना की तारीफ करते हुए श्री शाह ने कहा कि इसकी बदौलत 11 लाख से अधिक गरीबों का मुफ्त इलाज संभव हुआ है ।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ सबका विकास के आधार पर कार्य कर रही है। विकास की योजनाओं का लाभ सभी जाति व धर्म के लोगों को मिल रहा है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते है कि मेरा बूथ सबसे मजबूत होता है, बूथ जीतता है तो देश जीतता है। उन्होने कहा कि प्रयाग राज कुंभ में 15 जनवरी से अब तक 15 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके है और प्रधानमंत्री की प्रेरणा से साढ़े चार सौ वर्षो के बाद प्रयाग राज किले में बन्द अक्षयवट को दर्शन के लिए खोला गया है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में अक्षयवट का दर्शन कर रहे है।
उन्होने दावा किया कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश में 73 प्लस यानि 74 सीटे जीतेगी।
यूपी भाजपा अध्यक्ष डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय  ने कहा कि भाजपा की सदस्य संख्या डेढ़ करोड़ से 12 करोड़ हुई है। वहीं यूपी में सदस्य संख्या 46 लाख से एक करोड़ 80 लाख हुई हैं।
बूथ कार्यकर्ता साधारण नही असाधारण है। इतने कार्यकर्ताओं की पूंजी के सामने विरोधी गठबंधन न करे तो क्या करें। विरोधियों ने अपनी हार मान ली है। सारे गठबंधनों के बाबजूद भाजपा 73 प्लस 74 लाएगी, लेकिन 72 नही होगी। मोदी के नेतृत्व में देश छलांग लगा रहा है।
बूथ सम्मेलन में ग्रामीण अभियंत्रण मंत्री राजेन्द्र प्रताप उर्फ मोती सिंह, स्टैम्प मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, नगर विकास राज्य मंत्री गिरीश चन्द यादव, जौनपुर सांसद डॉ0 केपी सिंह, मछलीशहर सांसद राम चरित्र निषाद, कौशाम्बी सांसद विनोद सोनकर, भदोही सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला, प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय के साथ ही तमाम पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!